जो कभी नहीं मरता…
गाँव में मौत का दृश्य हमेशा एक अजीब मिश्रण लेकर आता है। जब भी कोई मरता, तो लोग मरघट की ओर खिंचते चले आते। कुछ आदतन आते, कुछ समाज के दबाव में, और कुछ… बस यूँ ही, जैसे यह कोई जरूरी रस्म हो।
मरघट पर पहुँचते ही मन दो हिस्सों में बंट जाता।
एक ओर देखो तो चिता की लपटें उठ रही हैं। वही इंसान, जो कल तक खेतों में काम करता था, आँगन में बच्चों को हँसाते हुए बैठा करता था, अब राख में बदल रहा है। हर लपट के साथ उसकी कोई याद, कोई बात, कोई हँसी, कोई जुड़ाव धुएँ में उड़ता दिखाई देता है।
और दूसरी ओर… लोग। वहीँ पास में बैठे लोग।
कोई बाज़ार की खबर बता रहा है, किसी को फसल की चिंता है। कुछ मोबाइल में व्यस्त हैं, क्रिकेट के स्कोर या फिल्म की चर्चा में। किसी की हँसी अचानक चिता के पास गूँजती है।
पहले यह दृश्य देखकर मन सन्न रह जाता, कितने लोग यहाँ आते हैं पर मृत्यु के वास्तविक अर्थ से बिल्कुल दूर हैं। लेकिन धीरे-धीरे समझ आता है,यह सब डर है। मौत का डर।
अगर एक पल भी वे सच में भीतर झाँक लें, तो उन्हें हिला देगी। सोच कि अगला नंबर मेरा भी हो सकता है। इसलिए वे व्यस्त रहते हैं, बातों में उलझे रहते हैं, दुनिया की मामूली चिंताओं में खुद को खो देते हैं।
लेकिन सच वही है, मौत किसी की नहीं होती। यह हम सबकी होती है। आज यह व्यक्ति गया, कल हम भी जाने वाले हैं।
और सबसे बड़ा दुःख यह है, हम जीना चाहते हैं, लेकिन हम अपने आप को उन चीज़ों से बाँध लेते हैं, जो एक दिन छूट जाएँगी। शरीर, पैसा, नाम, मान, दौलत, घर… सब अस्थायी हैं।
फिर क्या कभी सोचा आपने- उसमें क्या अमर है? क्या कभी मरेगा?
वही चीज़, जो कभी नहीं मरती-
वही आत्मा है।
वही शांति है।
वही सच्चाई है।
मरघट पर जाना सिर्फ किसी की अंतिम यात्रा को देखने नहीं है। यह एक मौका है रुकने का, सोचने का, समझने का।
अगर जीना है, तो उस चीज़ से जुड़ो जो कभी मरे नहीं। उस भीतर की शांति, उस अनंत चेतना, उस सच्चाई से जुड़ो। यही जीवन का असली अनुभव है। बाकी सब कुछ… केवल समय का तमाशा है।
और वही जो कभी नहीं मरता, वही अमर है। वही तुम्हारा असली साथी है।
अभी वक्त है, अभी जुड़ो। देर होने पर केवल पछतावा और खिन्नता बचती है।
SARAL VICHAR
-----------------------------------------------
Topics of Interest
जो कभी नहीं मरता | Immortal Soul, जीवन का सच, आत्मा, death truth, मरघट दर्शन, eternal life, जीवन का महत्व, मृत्यु का भय, inner peace, spiritual awakening

0 टिप्पणियाँ